Vhuman News / Sat, May 30, 2026
उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। जून 2026 से प्रदेश के लाखों लोगों को बिजली के लिए ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने बिजली बिलों पर 10 प्रतिशत तक अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज लगाने का फैसला किया है। इसके बाद अगर किसी उपभोक्ता का बिजली बिल 100 रुपये आता था तो अब उसे लगभग 110 रुपये चुकाने पड़ सकते हैं।
बताया जा रहा है कि बिजली उत्पादन और खरीद की बढ़ी हुई लागत की भरपाई के लिए यह अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज लगाया जा रहा है। नया शुल्क जून महीने से जारी होने वाले बिजली बिलों में जोड़ा जाएगा।
इस फैसले के बाद आम उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर लोग इसे महंगाई के दौर में जनता पर अतिरिक्त बोझ बता रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि पहले से बढ़ती महंगाई के बीच बिजली बिल में यह बढ़ोतरी आम परिवारों की जेब पर सीधा असर डालेगी।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रदेश में बिजली आपूर्ति और शिकायतों को लेकर भी सवाल उठे हैं। बढ़ती गर्मी के बीच बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है और उपभोक्ताओं की शिकायतें भी तेजी से बढ़ी हैं।
अब देखना होगा कि सरकार और बिजली विभाग इस बढ़ोतरी पर जनता की नाराजगी को कैसे संभालते हैं और क्या भविष्य में बिजली दरों को लेकर कोई राहत दी जाती है या नहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन