Vhuman News / Sat, Jan 17, 2026
वाराणसी : काशी के मणिकर्णिका घाट को लेकर मचे सियासी बवाल के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। काशी पहुंचकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम योगी ने रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को तोड़े जाने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि काशी को बदनाम करने की साजिश रची गई है, इसी वजह से उन्हें खुद मौके पर आना पड़ा।

सीएम योगी ने कहा कि मंदिर तोड़े जाने की बात पूरी तरह झूठ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पूरी तरह सुरक्षित है और उसे संरक्षित किया गया है। जैसे ही जीर्णोद्धार का कार्य पूरा होगा, प्रतिमा नए स्वरूप में फिर से स्थापित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मंदिर तोड़े जाने के नाम पर AI जनरेटेड वीडियो और तस्वीरों के जरिए जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने इसे गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि इस तरह की हरकतों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस ने किया अहिल्याबाई होल्कर का अपमान
सीएम योगी ने कांग्रेस पर अहिल्याबाई होल्कर के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी उनके योगदान को सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों पर हंसी और दया आती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह वही स्थिति है जैसे 100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।” साथ ही, उन्होंने AI से भ्रामक तस्वीरें और वीडियो बनाने वालों को सख्त चेतावनी भी दी।

दरअसल, 10 जनवरी को इंदौर स्थित होल्कर ट्रस्ट ने दावा किया था कि मणिकर्णिका घाट पर देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया है और कई धार्मिक प्रतीकों को तोड़ दिया गया है। इसके बाद कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जिससे राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।
हालांकि, जिला प्रशासन ने इन दावों को खारिज करते हुए तस्वीरों को AI जनरेटेड बताया था। डीएम ने कहा था कि सभी मूर्तियां सुरक्षित हैं और उन्हें संरक्षण में रखा गया है। तस्वीरों के सामने आने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा था, जिसके बाद सियासत और तेज हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन