Vhuman News / Sun, Jan 18, 2026
वाराणसी : वाराणसी के मणिकर्णिका घाट से जुड़े कथित मूर्ति विवाद मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
AI से जनरेटेड वीडियो के आधार पर भ्रामक खबर फैलाने के आरोप में वाराणसी पुलिस ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह, बिहार के सांसद पप्पू यादव और जसविंदर कौर समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
यह कार्रवाई चौक थाना क्षेत्र में दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मणिकर्णिका घाट को लेकर सोशल मीडिया पर एक AI जनरेटेड वीडियो वायरल किया गया, जिसके आधार पर भ्रामक और तथ्यहीन खबरें फैलाई गईं। इससे धार्मिक भावनाएं भड़कने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पैदा हुई।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी दौरे पर थे। उन्होंने मणिकर्णिका घाट मामले को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए AI से बनाए गए फर्जी वीडियो और भ्रामक सूचनाओं पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

मुख्यमंत्री के निर्देश के 24 घंटे के भीतर वाराणसी पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली। पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर आगे भी मणिकर्णिका घाट या किसी धार्मिक स्थल को लेकर भ्रामक खबरें फैलाई गईं, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वाराणसी पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही किसी भी अपुष्ट, फर्जी या AI जनरेटेड सामग्री पर नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन