Vhuman News / Mon, Jan 26, 2026
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला है। गणतंत्र दिवस के मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि “कुछ लोग नींद से तो उठ जाते हैं, लेकिन होश में नहीं आते। उनकी आंखें दिनभर बंद रहती हैं और वे जागकर भी मदहोश रहते हैं।”
उन्होंने मौजूदा सरकार पर संविधान से हटकर फैसले लेने और प्रचार के जरिए जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

संविधान के अनुसार देश चलने की जरूरत
अखिलेश यादव ने कहा कि देश को संविधान के अनुसार चलना चाहिए और फैसले संविधान देखकर होने चाहिए। उन्होंने कहा कि विज्ञापनों के जरिए आत्मनिर्भर भारत का दावा किया जा रहा है, लेकिन ये बातें विदेशी कंपनियां कह रही हैं, जो जनता को धोखा देने जैसा है।
सपा प्रमुख ने कहा कि आज शंकराचार्य पर संकट पैदा हो गया है और जिन मंदिरों का संरक्षण होना चाहिए था, उन पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे धार्मिक संस्थाओं के लिए खतरा बताया।

अखिलेश यादव ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “सुना है कोई सतुआ बाबा हैं और कोई बथुआ बाबा हैं, लेकिन मौसम तो बथुआ का है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रचार और दिखावे के जरिए लोगों को भ्रमित किया जा रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत सरकार कभी भी अमेरिका के आगे झुक सकती है और नॉन-वेज मिल्क प्रोडक्ट्स भारत में आ सकते हैं। इससे साधु-संतों और व्रत रखने वाली माताओं-बहनों की धार्मिक परंपराओं पर असर पड़ेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग हारने लगे हैं, वे अब SIR लेकर आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह SIR नहीं बल्कि NRC लागू करने की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि वोट का अधिकार छीनने की कोशिश की जा रही है और इससे नागरिकता पर भी सवाल खड़े होंगे।

किसानों के मुद्दे पर अखिलेश ने कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज किसानों की स्थिति पहले से भी ज्यादा खराब हो गई है।
सतुआ बाबा वाराणसी स्थित सतुआ बाबा पीठ में रहते हैं। वे विष्णु स्वामी संप्रदाय के 7वें पीठाधीश्वर और महामंडलेश्वर हैं। प्रयागराज के माघ मेले के दौरान वे चर्चा में आए थे, जब उनके शिविर में डीएम मनीष वर्मा पहुंचे और उनके लिए रोटियां सेंकी गईं। सीएम योगी आदित्यनाथ भी उनके आश्रम का दौरा कर चुके हैं। सतुआ बाबा अपनी लग्जरी गाड़ियों को लेकर भी सुर्खियों में रहते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन