पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। दोनों राज्यों में वोटिंग को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है।
सुबह से ही कई जगहों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। बंगाल के मालदा, बीरभूम और आसनसोल जैसे इलाकों में पोलिंग बूथ के बाहर भारी भीड़ जुटी रही। खास बात यह रही कि इन कतारों में महिलाओं की भागीदारी ज्यादा नजर आई।
वहीं तमिलनाडु में भी वोटिंग के दौरान ऐसा ही उत्साह देखने को मिला। कई जिलों में मतदाता सुबह से ही बूथों पर पहुंचने लगे।
इसी बीच अजित कुमार चेन्नई के थिरुवनमियूर में वोट डालने पहुंचे। उनकी एक झलक पाने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कुछ समय के लिए बूथ के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पश्चिम बंगाल में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच माना जा रहा है। चुनाव आयोग द्वारा संवेदनशील बूथों पर वेबकास्टिंग के जरिए लाइव निगरानी की जा रही है।
राज्य की बाकी 142 सीटों पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
वहीं तमिलनाडु में मुकाबला द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) गठबंधन और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) गठबंधन के बीच है। इसके अलावा अभिनेता थलापति विजय की पार्टी TVK के मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन