मिडिल ईस्ट में जारी अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव अब और खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। जंग का आज 32वां दिन है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
लेबनान के ईरान समर्थित उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसने इजराइल के उत्तरी शहर हाइफा में स्थित एक ऑयल रिफाइनरी पर ईरानी मिसाइल से हमला किया। इस हमले के बाद रिफाइनरी परिसर में एक पेट्रोल टैंक में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया।
हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आग सीधे मिसाइल हमले से लगी या फिर इंटरसेप्ट किए गए मिसाइल के मलबे के कारण। एहतियात के तौर पर स्थानीय प्रशासन ने लोगों को घरों में रहने, खिड़कियां बंद रखने और बाहर न निकलने की सलाह दी है।
वहीं दूसरी तरफ, इस जंग का असर भारत पर भी देखने को मिल रहा है। फारस की खाड़ी में भारत के 18 जहाज और 485 भारतीय क्रू मेंबर फंसे हुए हैं। जलमार्ग मंत्रालय के अनुसार, सभी भारतीय सुरक्षित हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इसी बीच, दक्षिणी लेबनान में इजराइली सेना को बड़ा झटका लगा है। सेना के मुताबिक, उसके 4 और सैनिक मारे गए हैं। इन सैनिकों में 21 और 22 साल के जवान शामिल हैं। 2 मार्च से अब तक इस क्षेत्र में 10 इजराइली सैनिकों की मौत हो चुकी है।
उधर, इराक में सक्रिय मिलिशिया संगठन “इस्लामिक रेसिस्टेंस इन इराक” ने दावा किया है कि उसने पिछले 24 घंटों में अमेरिकी ठिकानों पर 19 हमले किए हैं। इन हमलों में ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते इस संघर्ष ने अब अंतरराष्ट्रीय चिंता बढ़ा दी है। ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच तनाव लगातार गहराता जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में युद्ध का खतरा और ज्यादा बढ़ गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन