Vhuman News / Sun, Jan 18, 2026
मध्यप्रदेश : भारत और न्यूजीलैंड के बीच इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में कीवी टीम ने इतिहास रच दिया। न्यूजीलैंड ने इस मुकाबले में भारत को 41 रन से हराकर न सिर्फ मैच जीता, बल्कि भारत की धरती पर पहली बार वनडे सीरीज भी अपने नाम कर ली।
इसके साथ ही टीम इंडिया को होलकर स्टेडियम में वनडे क्रिकेट में पहली हार का सामना करना पड़ा।

रविवार को 338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 46 ओवर में 296 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय पारी की सबसे बड़ी चमक विराट कोहली रहे, जिन्होंने 108 गेंदों पर 124 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन उनका यह प्रयास टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सका।

न्यूजीलैंड की गेंदबाजी में क्रिस्टियन क्लार्क और जैक फॉल्क्स ने कमाल का प्रदर्शन किया। दोनों गेंदबाजों ने 3-3 विकेट झटककर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 8 विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए। कीवी टीम की ओर से डेरिल मिचेल (137 रन) और ग्लेन फिलिप्स (106 रन) ने शानदार शतक जड़े। दोनों बल्लेबाजों के बीच 219 रन की ऐतिहासिक साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह न्यूजीलैंड के पक्ष में मोड़ दिया।

इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने न सिर्फ सीरीज अपने नाम की, बल्कि भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय भी जोड़ दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन