Vhuman News / Sat, Jan 17, 2026
मध्यप्रदेश : इंदौर का होलकर स्टेडियम और वीरेंद्र सहवाग का वो ऐतिहासिक तूफान, जिसे आज तक कोई कप्तान पार नहीं कर सका। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने इसी मैदान पर ऐसा रिकॉर्ड बनाया था, जो वनडे क्रिकेट के इतिहास में आज भी कायम है।
8 दिसंबर 2011 को वेस्टइंडीज के खिलाफ सहवाग ने सिर्फ 149 गेंदों में 219 रन ठोक दिए थे। यह वनडे इंटरनेशनल में कप्तान के तौर पर बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। 14 साल बीत चुके हैं, लेकिन कोई भी कप्तान इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाया।

अब एक बार फिर इंदौर का होलकर स्टेडियम सुर्खियों में है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला 18 जनवरी (रविवार) को यहीं खेला जाएगा। टीम इंडिया इस मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। वैसे भी होलकर स्टेडियम में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है—यहां खेले गए सभी 7 वनडे मैचों में टीम इंडिया को जीत मिली है।

होलकर स्टेडियम से वीरेंद्र सहवाग का रिश्ता बेहद खास रहा है। 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ उस मुकाबले में सहवाग ने 7 छक्के और 25 चौके जड़ते हुए 219 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। उनकी इस पारी ने वेस्टइंडीज की गेंदबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया।
करीब छह साल बाद रोहित शर्मा ने इस रिकॉर्ड को चुनौती जरूर दी। 2017 में मोहाली वनडे में श्रीलंका के खिलाफ रोहित ने कप्तान के तौर पर नाबाद 208 रन बनाए, लेकिन वह सहवाग के रिकॉर्ड से 11 रन पीछे रह गए।

सहवाग की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर भारत ने उस मैच में 5 विकेट पर 418 रन बनाए। यह भारतीय पुरुष टीम का वनडे इंटरनेशनल में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है, जो आज भी कायम है।
नवंबर 2011 में वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर थी। टेस्ट सीरीज भारत ने एमएस धोनी की कप्तानी में 2-0 से जीती थी। वनडे सीरीज में शुरुआती तीन मैचों के बाद भारत 2-1 से आगे था, लेकिन तीसरा मुकाबला हारने के बाद दबाव में आ गया था। चौथा मैच बेहद अहम था और कप्तानी की जिम्मेदारी वीरेंद्र सहवाग के पास थी।

सहवाग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और गौतम गंभीर के साथ 176 रनों की ओपनिंग साझेदारी कर भारत को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। गंभीर के आउट होने के बाद सहवाग ने पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली और ऐतिहासिक पारी खेली।
जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 265 रनों पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला 153 रनों से जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली। सीरीज के आखिरी मैच में गौतम गंभीर ने टीम इंडिया की कप्तानी संभाली थी।
219 – वीरेंद्र सहवाग (भारत) vs वेस्टइंडीज, इंदौर (2011)
208* – रोहित शर्मा (भारत) vs श्रीलंका, मोहाली (2017)
189 – सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) vs भारत, शारजाह (2000)
186* – सचिन तेंदुलकर (भारत) vs न्यूजीलैंड, हैदराबाद (1999)
181 – विवियन रिचर्ड्स (वेस्टइंडीज) vs श्रीलंका, कराची (1987)
175* – कपिल देव (भारत) vs जिम्बाब्वे, टनब्रिज वेल्स (1983)
विज्ञापन
विज्ञापन