Vhuman News / Sun, Jan 18, 2026
भोपाल/दतिया : मध्य प्रदेश के दतिया जिले की भांडेर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बरैया द्वारा दिए गए बयान को लेकर तीखा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
वायरल वीडियो में विधायक फूल सिंह बरैया कथित तौर पर यह कहते हुए सुने जा रहे हैं कि कुछ धर्मग्रंथों में ऐसे निर्देश लिखे होने का दावा किया गया है, जिनका संबंध तीर्थ यात्रा और दलित-आदिवासी समाज की महिलाओं से जोड़ा गया है। वीडियो में दिए गए बयान को लेकर सामाजिक और राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

इंटरव्यू के दौरान बरैया ने बलात्कार की घटनाओं को लेकर विवादित तर्क देते हुए कहा कि देश में सबसे अधिक अपराध अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के खिलाफ होते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि धर्मग्रंथों में ऐसे विचार लिखे गए हैं, जिनसे इस तरह की मानसिकता को बढ़ावा मिलता है। हालांकि, उन्होंने किसी विशेष धर्मग्रंथ का नाम नहीं लिया।
जब उनसे यह पूछा गया कि क्या वह हिंदू धर्मग्रंथों की बात कर रहे हैं, तो बरैया ने इस पर सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी धर्म विशेष को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि समाज में फैली विकृत सोच की ओर ध्यान आकर्षित करना है।
इस बयान के सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कांग्रेस नेतृत्व को घेरते हुए लिखा कि हाल ही में इंदौर में राहुल गांधी के साथ मंच साझा करने वाले विधायक फूल सिंह बरैया की मौजूदगी को “सहमति और स्वीकारोक्ति” माना जाना चाहिए।

आशीष अग्रवाल ने कहा कि यदि कांग्रेस नेतृत्व को विधायक के विचारों पर आपत्ति होती, तो उनके साथ मंच साझा नहीं किया जाता। उन्होंने कांग्रेस पर महिलाओं और एससी-एसटी समाज के प्रति असंवेदनशील रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि यह चुप्पी अब मौन नहीं, बल्कि समर्थन है।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जबकि वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन