मुंबई : बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान हाल ही में जॉय तुर्की अवॉर्ड्स 2026 में शामिल होने के लिए रियाद पहुंचे थे। इस इवेंट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर अब बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तुर्की की मशहूर एक्ट्रेस हांडे एर्सेल ऑडियंस साइड में बैठकर अपने मोबाइल फोन से स्टेज की ओर वीडियो बना रही हैं, जबकि स्टेज पर शाहरुख खान किसी को अवॉर्ड देते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूज़र्स ने दावा किया कि हांडे एर्सेल शाहरुख खान का वीडियो रिकॉर्ड कर रही हैं और उन्हें किंग खान की फैन बताया जाने लगा।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनशॉट वायरल हुआ, जिसमें शाहरुख खान की तस्वीर पर तीर (Arrow) बनाकर लिखा गया था—
“ये अंकल कौन हैं? मैं सिर्फ अपनी दोस्त अमीना को कैप्चर कर रही थी। मैं शाहरुख खान की फैन नहीं हूं। प्लीज गलत जानकारी फैलाना बंद करें।”

हालांकि अब इस पूरे मामले पर खुद हांडे एर्सेल ने सफाई दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने साफ कहा कि यह इंस्टाग्राम स्टोरी फेक है और उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया। हांडे ने अफवाह फैलाने वालों की आलोचना करते हुए कहा कि उनके नाम पर झूठी बातें फैलाई जा रही हैं।

गौरतलब है कि हांडे एर्सेल तुर्की की जानी-मानी एक्ट्रेस और मॉडल हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी और साल 2012 में मिस तुर्की का खिताब भी जीता। उन्हें असली पहचान टीवी सीरीज ‘अस्क लाफ्तान अनलमाज’ से मिली। इसके अलावा ‘सेन चाल कपीमी’ और ‘बंबास्का बिरी’ जैसे शोज़ ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।

साल 2026 में हांडे एर्सेल को ELLE स्टाइल अवॉर्ड्स से भी सम्मानित किया गया। वह पहले भी भारतीय फिल्मों और बॉलीवुड की तारीफ कर चुकी हैं और भविष्य में भारतीय फिल्मों में काम करने की इच्छा जता चुकी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन