दिल्ली : भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से जिस ट्रेड डील का इंतजार था, वह अब लगभग तय हो गई है। सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस बड़े व्यापारिक समझौते की आधिकारिक घोषणा कर दी। इसके तहत अमेरिका ने भारत पर लगाए गए कुल 50% टैरिफ को घटाकर 18% कर दिया है।
दरअसल, अप्रैल में अमेरिका ने भारत पर 25% रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था। इसके बाद रूस से तेल खरीदने को लेकर अगस्त में 25% अतिरिक्त पेनल्टी टैरिफ लगाया गया, जिससे कुल टैरिफ 50% तक पहुंच गया था। अब व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया है कि रूस से तेल खरीदने को लेकर लगाया गया 25% अतिरिक्त टैरिफ हटा लिया गया है और भारत पर अब सिर्फ 18% टैरिफ ही लागू होगा।

मोदी-ट्रम्प फोन बातचीत के बाद हुआ ऐलान
सोमवार सुबह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस ट्रेड डील की घोषणा की।
ट्रम्प ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल की खरीद बंद करने पर सहमत हो गए हैं और भारत अब अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदेगा। जरूरत पड़ने पर भारत वेनेजुएला से भी तेल आयात कर सकता है।

‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत 500 अरब डॉलर की खरीद
ट्रम्प के अनुसार, भारत ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत अमेरिका से 500 अरब डॉलर (करीब 46 लाख करोड़ रुपये) से अधिक के उत्पाद खरीदेगा। इसमें ऊर्जा, तकनीक, कृषि, कोयला और अन्य सेक्टर के उत्पाद शामिल होंगे।
ट्रम्प ने अपने पोस्ट में लिखा कि भारत और अमेरिका के बीच यह ट्रेड डील दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी और इससे वैश्विक स्तर पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।

पीएम मोदी का बयान
ट्रम्प के एलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा—
“राष्ट्रपति ट्रम्प से बात करके बहुत खुशी हुई। मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% करने के फैसले के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से धन्यवाद। जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र साथ काम करते हैं, तो इससे नए अवसर पैदा होते हैं।”
मोदी ने आगे कहा कि वह अमेरिका के साथ साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हैं।

भारत उन देशों में शामिल, जिन पर कम टैरिफ
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने NDTV से बातचीत में ट्रेड डील की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि कुछ तकनीकी दस्तावेजों पर आने वाले दिनों में हस्ताक्षर होंगे, लेकिन समझौता लगभग तय है।
राजदूत गोर के मुताबिक, यह डील प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प की वर्षों पुरानी दोस्ती का नतीजा है। उन्होंने कहा कि अब भारत उन देशों में शामिल हो गया है, जिन पर अमेरिका सबसे कम टैरिफ लगाता है।
इंडिया गेट की फोटो शेयर कर बोले ट्रम्प
ट्रम्प ने प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत से पहले ‘ट्रुथ सोशल’ पर इंडिया गेट की तस्वीर भी शेयर की। उन्होंने लिखा—
“भारत का ट्रायम्फल आर्च (इंडिया गेट) बेहद खूबसूरत है। हमारा वाला इन सब में सबसे शानदार होगा।”
दरअसल, ट्रम्प वॉशिंगटन डीसी में अपने नाम से एक विशाल स्मारक ‘आर्क डी ट्रम्प’ बनवाने की योजना पर काम कर रहे हैं, जिसका डिजाइन पेरिस के आर्क डी ट्रायम्फ से मिलता-जुलता होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन